
कार्यों की वाचा क्या है?
16 जून 2026
जब मैं फँसा हुआ अनुभव करता हूँ
23 जून 2026परम पवित्र स्थान
“कि मैं उनके बीच में निवास करूँ” (निर्गमन 25:8)। इस्राएल का तम्बू वास्तुकला का एक विलक्षण उदाहरण था। उसका सम्पूर्ण प्रयोजन परमेश्वर की विशाल और अनन्त उपस्थिति को साकार रूप देना था। उसके बनने से पहले, परमेश्वर की उपस्थिति विभिन्न समयों पर, विभिन्न स्थानों पर, और विभिन्न रूपों में प्रकट होती थी। आदम और हव्वा के समक्ष उसने अपने आप को तब प्रकट किया जब उन्होंने “बारी में फिरते हुए यहोवा परमेश्वर का शब्द सुना” (उत्पत्ति 3:8)। अब्राहम के समक्ष उसने अपने आप को धुएँ देती हुई भट्ठी और जलती हुई मशाल के रूप में प्रकट किया (उत्पत्ति 15:17)। याकूब के समक्ष उसने अपने आप को एक ऐसे पुरुष के रूप में प्रकट किया, जिसके साथ याकूब मल्लयुद्ध कर सका (उत्पत्ति 32:22–32)। मूसा के समक्ष उसने अपने आप को एक ऐसी जलती हुई झाड़ी के रूप में प्रकट किया जो भस्म नहीं हो रही थी (निर्गमन 3:2)। और सम्पूर्ण इस्राएल के समक्ष उसने अपने आप को उनकी जंगल-यात्रा के समय दिन में बादल के खम्भे और रात में अग्नि के खम्भे के रूप में प्रकट किया (निर्गमन 13:21–22), तथा घने बादल, बिजली और गर्जन, और तुरही की ध्वनि के रूप में प्रकट किया (निर्गमन 19:9, 16)।
तथापि, तम्बू के साथ कुछ नया घटित हुआ। परमेश्वर की उपस्थिति अब किसी अतिथि के समान नहीं रही, जो आता और चला जाता है, परन्तु एक ऐसे निवासी के समान हो गई जो उन्हीं के समान एक तम्बू में, उन्हीं के बीच निवास करता था। तब तम्बू उसका राजकीय भवन था, जिसमें पर्दे में बना एक द्वार, उसे ढाँकने वाले परदे, रोटी रखने की एक मेज़ थी, प्रकाश के लिए एक दीवट था, और उसकी राजकीय चरण-चौकी के रूप में सन्दूक था।
इस नवीनता का एक पक्ष यह था कि अब वाचा के लोग प्रभु की उपस्थिति का आनन्द अपने बीच में उस प्रकार से ले सकते थे जिस प्रकार उनके पूर्वज नहीं ले सके थे। और यह बात आज के मसीहियों के लिए भी अत्यन्त शिक्षाप्रद है, क्योंकि तम्बू देह में हमारे बीच परमेश्वर के निवास का एक प्रतिरूप था —
“और वचन देहधारी हुआ, और हमारे बीच में डेरा किया [यह ‘डेरा किया’ का अनुवाद ‘तम्बू लगाया’ भी किया जा सकता है], और हमने उसकी ऐसी महिमा देखी, जैसी पिता के एकलौते की महिमा, जो अनुग्रह और सत्य से परिपूर्ण था।” (यूहन्ना 1:14)
प्रभु की उपस्थिति का आनन्द केवल उसी की निर्धारित शर्तों पर लिया जा सकता था। उसने वे शर्तें मूसा पर इस प्रकार प्रकट कीं, “जो कुछ मैं तुझे तम्बू के नमूने और उसके सब सामान के नमूने के विषय में दिखाऊँ, उसी के अनुसार तुम उसे बनाना” (निर्गमन 25:9)। निर्गमन 25–30 अध्यायों का सूक्ष्म विवरण इसी सत्य को बलपूर्वक प्रकट करता है। परमेश्वर अपने आप को हम पर, अपने लोगों पर प्रकट करता है, और अपने वचन के द्वारा हम उसके निकट आ सकते हैं और उसे जानने पाते हैं। जब हम उन सब बातों का पालन करते हैं जिनकी शिक्षा प्रभु ने हमें अपने वचन के सेवकों के द्वारा देने की आज्ञा दी है, तब हम इस बात के विषय में निश्चय रख सकते हैं कि वह “जगत के अन्त तक सर्वदा [हमारे] साथ है” (मत्ती 28:19–20)।
प्रभु की उपस्थिति का आनन्द उसकी उस व्यवस्था के द्वारा लिया जाता था जिसमें वह अपने चुने हुए सेवकों, अर्थात् याजकों, में प्रकट होती और उनके माध्यम से प्रजा तक पहुँचती थी। इस्राएल के लोग अपनी समस्त इन्द्रियों के द्वारा प्रभु की उपस्थिति के इन सेवकों के साथ सम्बन्ध स्थापित कर सकते थे। उनके वस्त्र भी इस उद्देश्य से बनाए गए थे कि वे प्रभु की शोभा और महिमा को उसकी प्रजा के सामने प्रकट करें (निर्ग. 28:2)। और याजक लोगों के जान-बूझकर तथा अनजाने में किए गए पापों के लिए, उनके पापों के प्रायश्चित्त और शुद्धिकरण के लिए, और अपने परमेश्वर के अनुग्रहपूर्ण कार्यों के लिए धन्यवाद के रूप में बलिदान चढ़ाते थे (लैव्यव्यवस्था 1–7)। वास्तव में, बलिदान-प्रणाली की एक उल्लेखनीय विशेषता यह थी कि उसमें लोगों की सक्रिय सहभागिता होती थी। लोग बलिदान के लिए अपने स्वयं के पशु लेकर आते थे, पशुओं के सिरों पर अपने हाथ रखते थे, और अपने पापों का अंगीकार करते थे। इसके अतिरिक्त, जिस बलिदान को मेलबलि कहा जाता था, उसमें न केवल प्रभु वेदी पर अपना भाग “खाता” था और याजकों को उनका भाग मिलता था, परन्तु लोग भी उसका एक भाग खाते थे (लैव्यव्यवस्था 7:11–18)।
प्रभु ने अपने लोगों को तम्बू इसलिए दिया कि अपने वचन के द्वारा, याजकों और बलिदानों में प्रकट अनुग्रह के संस्कारात्मक चिह्नों के द्वारा, और वहाँ अर्पित की गई उनकी प्रार्थनाओं के द्वारा, वह उनके बीच में अनुग्रह और करुणा के साथ निवास करे। यह कितनी अद्भुत बात है कि वह आज भी हमारे बीच में निवास करता है (इफिसियों 2:18–22)।
यह लेख मूलतः लिग्निएर मिनिस्ट्रीज़ ब्लॉग में प्रकाशित किया गया।

