
परमेश्वर के लोग
24 नवम्बर 2026राजा और उसका राज्य
परमेश्वर के प्रतिनिधियों के रूप में, पुराने नियम के भविष्यद्वक्ताओं ने समाज के समीक्षकों और भविष्य की बातें बताने वालों के रूप में कार्य किया। उन्होंने न केवल समाज की कमियों के विरुद्ध कठोर न्याय की घोषणाएँ कीं, अपितु आने वाले एक उत्तम संसार की प्रभावशाली झलक भी प्रस्तुत की। चेतावनियों और आग्रहों के द्वारा उन्होंने लोगों के जीवन जीने के ढंग को बदलने का प्रयास किया और उन्हें उनके जीवन के लिए परमेश्वर की योजना का स्मरण कराया।
उनके सन्देशों के केन्द्र में एक विशिष्ट शासक, अर्थात् एक मसीहा के आने की आशा थी, जो संसार में परमेश्वर के राज्य की स्थापना करेगा। भविष्यद्वक्ताओं ने इस आशा को स्वयं उत्पन्न नहीं किया था; प्राचीन इस्राएल में यह एक लम्बे समय से चली आ रही परम्परा थी। भविष्य के राजा के विषय में ईश्वरीय प्रतिज्ञा उत्पत्ति की पुस्तक से आरम्भ होती है और बाइबलीय विवरण में इसका क्रम इस्राएल के दूसरे राजा के रूप में दाऊद की नियुक्ति तक पहुँचता है। जैसा कि भजन 72 बताता है, दाऊद के वंश से एक ऐसा विशेष राजा आएगा जो पूरी पृथ्वी पर धार्मिकता से शासन करेगा।
दाऊद का शासन एक उल्लेखनीय राजवंश का आरम्भ करता है, जिसका यरूशलेम के साथ घनिष्ठ सम्बन्ध था। यरूशलेम में ही परमेश्वर का पृथ्वी पर पवित्रस्थान स्थापित किया गया था। दाऊद के वंश की स्थापना परमेश्वर की उद्धार की योजना का एक भाग था, परन्तु यह घटनाक्रम भविष्य में आने वाली कहीं अधिक महत्वपूर्ण बात का केवल संकेत था। प्राचीन इस्राएल के इतिहास को देखने से यह बात स्पष्ट होती है। सुलैमान से आरम्भ होकर यरूशलेम पर दाऊदी राजवंश के शासन का विवरण मूलतः असफलताओं से भरा हुआ है, यद्यपि कभी-कभी उसमें भविष्य में आने वाली किसी उत्तम बात के संकेत भी दिखाई देते हैं।
पुराने नियम के भविष्यद्वक्ताओं के लेखों को समझने के लिए दाऊदीय राजवंश के महत्व को समझना बहुत आवश्यक है। भविष्यद्वक्ताओं ने प्राचीनकाल में दी गई परमेश्वर की प्रतिज्ञाओं को का स्मरण कराया और भविष्य में उनकी पूर्ति पर बल दिया। इसका एक स्पष्ट उदाहरण यशायाह की पुस्तक में मिलता है, जो आठवीं शताब्दी ईसा पूर्व के अन्त के आसपास यहूदा के राजाओं और यरुशलेम के लोगों की कमियों को सम्बोधित करती है। उज्ज़ियाह, योताम, आहाज़ और हिजकिय्याह के शासनकाल में दिए गए भविष्यद्वाणियों के संग्रह के रूप में, यशायाह की पुस्तक यह घोषणा करती है कि परमेश्वर नगर के निवासियों को उनकी ऊपरी धार्मिकता और परमेश्वर के मूल्यों के प्रति उनकी अननिष्ठा के कारण दण्ड देगा। विशेष बात यह है कि भविष्यद्वक्ता यशायाह न्याय की घोषणा तो करता है, परन्तु साथ ही वह इस बात को लेकर भी आश्वस्त है कि परमेश्वर यरूशलेम को एक ऐसे नगर में परिवर्तित करेगा, जिसकी विशेषताएँ शान्ति, समृद्धि और धार्मिकता होंगी।
यशायाह की भविष्यद्वाणियों को ठीक प्रकार से समझने के लिए, हमें यह जानना आवश्यक है कि वह भ्रष्ट और परमेश्वर द्वारा अस्वीकृत यरूशलेम की पुनर्स्थापना को दो चरणों में देखता है। पहला, यशायाह भविष्यद्वाणी करता है कि कैसे फारस के राजा कुस्रू के देखभाल में नगर के पुनर्निर्माण का कार्य आरम्भ होगा। बेबीलोन के लोगों द्वारा 586 ईसा पूर्व में यरूशलेम को नष्ट करने के बाद वही उसके पुनर्निर्माण का कार्य आरम्भ करेगा। आश्चर्य की बात यह है कि यशायाह कुस्रू को एक गैर-यहूदी व्यक्ति के रूप में यहूदी मसीहा का पूर्व संकेत बताता है और उसे यहोवा का अभिषिक्त कहता है (45:1)। मसीहा शब्द का उद्गम इब्रानी संज्ञा से हुआ है जिसका अर्थ है “अभिषिक्त जन”।
दूसरा, यरूशलेम की कुस्रू द्वारा की जाने वाली पुनर्स्थापना से परे देखते हुए, यशायाह नगर की एक और भी महान् पुनर्स्थापना की भविष्यद्वाणी करता है, जिसमें पृथ्वी का नया बनाया जाना भी सम्मिलित होगा (65:17–25)। यशायाह इस नए यरूशलेम को अनन्त आनन्द के स्थान के रूप में प्रस्तुत करता है और जीवन की परिपूर्णता की प्रतिज्ञा करता है (35:5-10)। महत्वपूर्ण बात यह है कि नए यरूशलेम की नागरिकता केवल आने वाली पीढ़ियों तक सीमित नहीं होगी, अपितु परमेश्वर के वे लोग भी इसका अनुभव करेंगे जो इस जीवन से अगले जीवन में प्रवेश करेंगे। यशायाह की भविष्यद्वाणियाँ नए यरूशलेम को अनन्त जीवन और मृत्यु के अन्त के साथ जोड़ती हैं (25:6–9)। इन भविष्य की आशाओं के द्वारा यशायाह की पुस्तक का सम्पूर्ण सन्देश उस दर्शन की पूर्व झलक देता है जिसे प्रेरित यूहन्ना ने प्रकाशितवाक्य की पुस्तक के अन्त में नए यरूशलेम के विषय में देखा।
विशेष बात यह है कि जैसे कुस्रू ने पृथ्वी पर स्थित यरूशलेम की पुनर्स्थापना का मार्ग तैयार किया, उसी प्रकार दाऊद के वंश का एक विशिष्ट राजा नए यरूशलेम की स्थापना सम्भव करेगा। यशायाह अध्याय 9 और 11 में इस राजा की ओर संकेत करता है और बताता है कि वह “अद्भुत युक्ति करनेवाला, पराक्रमी परमेश्वर, अनन्तकाल का पिता, शान्ति का राजकुमार” कहलाएगा (9:6)। यशायाह के अनुसार, वह “दाऊद की गद्दी और उसके राज्य पर राज्य करेगा, वह उसे उस समय से लेकर सर्वदा के लिए न्याय और धार्मिकता के द्वारा स्थिर किए और सम्भाले रहेगा ” (पद 7)।
महत्वपूर्ण बात यह है कि इस अद्भुत राजा को यशायाह 52:13-53:12 में परमेश्वर के “दास” के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो दूसरों के स्थान पर दुःख उठाता है। यह दास और राजा दूसरे लोगों के अधर्म और अपराधों के कारण दण्ड सहता है और इस प्रकार वह उन्हें परमेश्वर के साथ मेल- मिलाप कराता है। यद्यपि उस दास को अन्यायपूर्ण दण्ड दिया जाता है, फिर भी अन्ततः परमेश्वर उसे निर्दोष ठहराएगा और उसे सम्मान के उच्च पद पर प्रतिष्ठित करेगा।
दास और राजा के विषय में यशायाह की भविष्यद्वाणियाँ यीशु ख्रीष्ट के जीवन में पूरी होती हैं। यशायाह 61:1-2 से पढ़ते हुए, यीशु ख्रीष्ट ने नासरत के आराधनालय में उपस्थित लोगों से कहा, “आज यह पवित्रशास्त्र का वचन तुम्हारे सुनते हुए पूरा हुआ” (लूका 4:21)।
यशायाह के समान, यिर्मयाह और यहेजकेल की भविष्यद्वाणी की पुस्तकें भी दाऊद के वंश से आने वाले एक असाधारण राजा की प्रतीक्षा करती हैं, जो परमेश्वर की प्रतिज्ञाओं को पूरा करेगा और उसके राज्य को स्थापित करेगा। यिर्मयाह दाऊद के वंश से आने वाले एक ऐसे शासक के विषय में बताता है जो बुद्धि और न्याय के साथ राज्य करेगा। यिर्मयाह 23:5-6 कहता है:
यहोवा की वाणी है, “देखो, वे दिन आने वाले हैं,जब मैं दाऊद के कुल से एक धर्मी अंकुर उगाऊंगा। वह राजा बनकर राज्य करेगा और बुद्धिमानी से कार्य करेगा। वह देश में न्याय और धार्मिकता से शासन करेगा। उसके दिनों में यहूदी लोग बचाए जाएँगे,और इस्राएल सुरक्षित बसा रहेगा। उसका नाम जिससे वह जाना जायेगा, यह है: ‘यहोवा हमारी धार्मिकता।’”
बाबुल द्वारा यरूशलेम के विनाश की पृष्ठभूमि में बोलते हुए, यिर्मयाह दाऊद के एक धर्मी वंशज की आशा पर बल देता है, जो इस्राएल के लोगों के लिए उद्धार और सुरक्षा लाएगा।
इसी के पूरक रूप में, यहेजकेल एक ऐसे चरवाहा-राजा की कल्पना करता है, जो परमेश्वर के लोगों की अगुवाई करेगा और उनकी देखभाल करेगा। यहेजकेल 34:23-24 में परमेश्वर प्रतिज्ञा करता है:
“फिर मैं उन पर एक चरवाहे अर्थात् अपने दास दाऊद को नियुक्त करूँगा, जो उन्हें चराएगा। वह स्वयं उन्हें चराएगा और उनका चरवाहा होगा। और मैं यहोवा उनका परमेश्वर ठहरूंगा, और मेरा दास दाऊद उनमें प्रधान होगा। मुझ यहोवा ही ने यह कहा है।
जैसा कि इस उद्धरण से स्पष्ट होता है, यहेजकेल भविष्य के दाऊदीय राजा को एक अच्छे चरवाहे के रूप में प्रस्तुत करता है, जो झुण्ड की अगुवाई करेगा और उसकी रक्षा करेगा तथा उसकी भलाई का ध्यान रखेगा (देखें यूहन्ना 10:14-18)।
यशायाह, यिर्मयाह और यहेजकेल की पुस्तकें अलग-अलग प्रकार से इस बड़ी और मुख्य सच्चाई को सामने लाती हैं कि दाऊद के वंश से आने वाला मसीहा संसार के लिए परमेश्वर की उद्धार की योजना में एक केन्द्रीय भूमिका निभाएगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि ये भविष्यद्वाणियाँ यीशु ख्रीष्ट के जीवन, मृत्यु, पुनरुत्थान, स्वर्गारोहण और भविष्य में होने वाले उसके पुनरागमन के द्वारा पूरी होती हैं। जैसा कि पुराने नियम के भविष्यद्वक्ताओं ने भविष्यद्वाणी की थी, परमेश्वर का राज्य अभी स्थापित हो रहा है, परन्तु यह कार्य तभी पूरा होगा, जब नई पृथ्वी पर नए यरूशलेम का निर्माण होगा। यही परमेश्वर के उद्धार की योजना का चरमोत्कर्ष होगा ।
यह लेख मूल रूप से टेबल टॉक (Tabletalk) पत्रिका में प्रकाशित हुआ था।

