What Were the Ninety-Five Theses?

पंचानबे शोध-प्रस्ताव (थीसिस) क्या थे? 

12 नवम्बर 2026
What Were the Ninety-Five Theses?

पंचानबे शोध-प्रस्ताव (थीसिस) क्या थे? 

12 नवम्बर 2026

कठिन समयों में सुसमाचार-सम्बन्धी अभ्यास 

Gospel Practices in Hard Seasons

“अनुग्रह के साधन” शब्द उन सहायताओं या साधनों को सूचित करता है जिन्हें परमेश्वर अपने लोगों को इस संसार में उनकी यात्रा के लिए सामर्थ्य प्रदान करने के उद्देश्य से देता है। इस बात में कुछ अत्यन्त अनमोल है कि परमेश्वर हमारी दुर्बलता को जानता है और अपनी विशाल दया में हमारे स्तर तक झुककर हमारी सहायता के लिए आत्मिक “बैसाखियों” का एक समूह प्रदान करता है। 

जैसे पिता अपने बालकों पर दया करता है,

वैसे ही यहोवा अपने डरवैयों पर दया करता है।

क्योंकि वह हमारी सृष्टि जानता है;

और उसको स्मरण रहता है कि मनुष्य मिट्टी ही है। (भजन 103:13–14)

धर्मसुधारवादी कलीसियाओं ने विशेष रूप से अनुग्रह के तीन साधनों पर बल दिया है: प्रार्थना, परमेश्वर का वचन, और संस्कार। प्रार्थना वह साधन है जिसे परमेश्वर ने हमें इसलिए प्रदान किया है कि उसके द्वारा हम प्रभु यीशु ख्रीष्ट पर विश्वास रखते हुए अपनी आवश्यकताओं और अपनी निर्भरता को परमेश्वर के सम्मुख प्रकट करें। साथ ही, हम इस आशा के साथ उसकी प्रतीक्षा करते हैं कि वह “ख्रीष्ट यीशु में अपनी महिमा के धन के अनुसार” हमारी “हर एक घटी को पूरी करेगा” (फिलिप्पियों 4:19)। प्रार्थना का आधार परमेश्वर का वचन है। यह आधार पवित्रशास्त्र के पढ़ने और सुनने विशेष रूप से विश्वासयोग्य प्रचार द्वारा, दोनों में पाया जाता है। क्योंकि उद्धार के सन्देश का प्रचार करने के लिए भेजे गए सेवकों की सेवकाई के द्वारा ख्रीष्ट स्वयं अपने लोगों से संवाद करता है (रोमियों 10:14–17)। इसके पश्चात् बपतिस्मा और प्रभु-भोज के संस्कार हमारे हृदयों में वचन की पुष्टि करते हैं। ये संस्कार निरन्तर वचन की प्रतिज्ञाओं को हमारे  हृदयों पर लागू करते हैं और हमें आश्वस्त करते हैं कि परमेश्वर हमारे साथ है। पवित्र आत्मा व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक विश्वासी में तथा सामूहिक रूप से सम्पूर्ण कलीसिया में कार्य करता है और हमें इस सत्य में दृढ़ करता है। परमेश्वर हमें कभी न छोड़ेगा और न त्यागेगा, क्योंकि हम उसकी सन्तान हैं, और हमें कोई भी उसके सर्वशक्तिमान हाथ से कभी छीन नहीं सकता (इब्रानियों 13:5–6; यूहन्ना 10:28–29)।

अनुग्रह के साधन ख्रीष्ट में आशा रखने में कैसे हमारी सहायता करते हैं

परमेश्वर हमें अनुग्रह के साधन इसलिए प्रदान करता है क्योंकि हमें उनकी आवश्यकता है। पुरानी वाचा की आराधना परमेश्वर के समीप आने का अधिक दृश्य और भौतिक स्वरूप थी, जिसमें वे बातें सम्मिलित थीं जिन्हें प्रेरित पौलुस “दुर्बल और दीन प्रारम्भिक शिक्षाएँ” कहता है (गलातियों 4:9)। मिलापवाले तम्बू की व्यवस्था ने परमेश्वर के लोगों को ऐसी सांसारिक प्रतिकृतियाँ और छायाएँ प्रदान कीं, जिनके द्वारा वे उन स्वर्गीय वास्तविकताओं की धुँधली झलक पा सकते थे, जो प्रभु यीशु ख्रीष्ट के देहधारण, निष्पाप जीवन, प्रायश्चितकारी मृत्यु और महिमामय पुनरुत्थान में पूर्ण होनेवाली थीं।

परन्तु अब, नई वाचा में, हमारे पास स्वयं ख्रीष्ट है, जो उन सब प्रतिज्ञाओं की वास्तविकता है जो परमेश्वर ने अपने लोगों से तब की थीं जब वे व्यवस्था के संरक्षण और प्रशिक्षण के अधीन थे (गलातियों 3:24–25)। अब जबकि ख्रीष्ट आ चुका है और परमेश्वर के दाहिने हाथ पर भविष्यद्वक्ता, याजक और राजा के रूप में अपना मध्यस्थीय राज्य आरम्भ कर चुका है, इसलिए अब हमें ऐसी आराधना की आवश्यकता नहीं रही जो उस पुरानी सृष्टि से बँधी हो, जो अब मिटती जा रही है। हमारी आराधना हमें स्वर्ग में विराजमान ख्रीष्ट की ओर उन्मुख करती है। वही हमें उस नई सृष्टि के लिए तैयार करता है, जिसमें हम तब प्रवेश करेंगे जब हमारा प्रभु महिमा के साथ पुनः आएगा (कुलुस्सियों 3:1–4)।

परन्तु जब तक हम उस महान् दिन की प्रतीक्षा कर रहे हैं, तब तक हमारी स्थिति उन लोगों की है जिन्होंने अभी तक इन प्रतिज्ञाओं की पूर्णतः प्राप्त नहीं किया है  (फिलिप्पियों 3:12–16)। हम अब भी ऐसी सृष्टि का भाग हैं जो कराह रही है, और हम स्वयं भी उसके साथ कराहते हैं, क्योंकि हम उस प्रतिज्ञा की पूर्णता की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं—अर्थात् अपने शरीरों के छुटकारे की (रोमियों 8:18–23)। फिर भी, इस प्रतीक्षा और कराह के बीच हमें यह प्रतिज्ञा प्राप्त है कि परमेश्वर अपना पवित्र आत्मा हमें हमारी दुर्बलता में सहायता देने के लिए प्रदान करेगा (रोमियों 8:26)।

हम दुर्बल हैं क्योंकि हम मनुष्य हैं। यहाँ तक कि सिद्ध मनुष्य, प्रभु यीशु भी अपने पिता पर निर्भर था और उसे भी अनुग्रह के साधनों की आवश्यकता थी। यीशु ने इन साधनों का निष्पाप उपयोग करते हुए पवित्र आत्मा पर निर्भरता रखी, और परमेश्वर ने हमारे उद्धार को सुनिश्चित करने के उसके कार्य में उसे सामर्थ्य दी और स्थिर बनाए रखा। अब यीशु हमारा सहानुभूतिपूर्ण महायाजक है, जिसके निकट हम अपनी आवश्यकता के समय सहायता प्राप्त करने के लिए निडर होकर जा सकते हैं (इब्रानियों 4:15–16)। उसने हमारे समान शारीरिक मानवीय दुर्बलता और परमेश्वर पर निर्भरता का अनुभव किया, परन्तु वह पाप की नैतिक दुर्बलता में कभी सहभागी नहीं हुआ। परमेश्वर ने हमसे भी यह प्रतिज्ञा की है कि वह हमारी दुर्बलता में सहायता करने के लिए अपना पवित्र आत्मा देगा (रोमियों 8:26)। उसने हमें वह सब कुछ प्रदान किया है जिसकी हमें इस संसार में उसके लिए और उसकी महिमा के लिए जीवन व्यतीत करने हेतु आवश्यकता है।

इसलिए, अनुग्रह के साधन वे माध्यम हैं जिनके द्वारा परमेश्वर हमें विश्वास की दौड़ पूरी करने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करता है। हमें उनकी आवश्यकता केवल इसलिए नहीं है कि हम मनुष्य हैं, वरन् इसलिए भी है कि हम पापी हैं। हमें उनकी आवश्यकता इसलिए है क्योंकि हम ऐसे संसार में रहते हैं जो अब भी आदम के पतन के परिणामस्वरूप कराह रहा है, और क्योंकि हम परमेश्वर को भूल जाने तथा ख्रीष्ट से दूर हो जाने की प्रलोभन में पड़ते रहते हैं। परमेश्वर हमें भली-भाँति जानता है, और उसका यह ज्ञान प्रेमपूर्ण तथा पितृसुलभ है। वह हमें इतनी अच्छी तरह जानता और इतना अधिक प्रेम करता है कि हमारी दुर्बलता में उसे स्मरण रखने और बार-बार दुःख तथा पाप के सबसे गहरे गड्ढों में गिरने पर भी उसकी ओर लौटने के लिए वह हमें साधन प्रदान करता है। यदि आप मेरे समान हैं, तो आप जानते होंगे कि “भटकने की प्रवृत्ति—अपने प्रिय परमेश्वर को छोड़ देने की प्रवृत्ति” कैसी होती है। 

कठिनाइयों, प्रलोभनों, हानि और शोक के समय, आप ऐसे परमेश्वर से कैसे दृढ़ता से जुड़े रहते हैं जिसे आप देख नहीं सकते? प्रार्थना के द्वारा, परमेश्वर के वचन को पढ़ने और सुनने के द्वारा, तथा संस्कारों के द्वारा अपने हृदय को बार-बार इस सत्य का आश्वासन देकर कि परमेश्वर अब भी आपका परमेश्वर है, ख्रीष्ट अब भी स्वर्ग में आपकी ओर से मध्यस्थता कर रहा है, और पवित्र आत्मा अब भी आपके हृदय में कार्य कर रहा है। इसलिए, अपने दुःखों के बीच भी आनन्दित रहें, क्योंकि इन्हीं सबके द्वारा आपका स्वर्गीय पिता आपके भीतर ऐसी आशा उत्पन्न कर रहा है जो कभी लज्जित नहीं करेगी (रोमियों 5:3–5)।

 यह लेख मूलतः लिग्निएर मिनिस्ट्रीज़ ब्लॉग में प्रकाशित किया गया।

लोवेल आइवी

लोवेल आइवी

लोवेल आइवी अमेरिका के प्रेस्बिटेरियन कलीसिया की मेटानोइया कारागार सेवा के राष्ट्रीय निदेशक हैं। यह सेवा कारागारों में बंदियों तक सुसमाचार पहुँचाने और उनकी आत्मिक देखभाल करने का कार्य करती है।