Reverence for God

परमेश्वर के प्रति श्रद्धाभाव 

10 नवम्बर 2026
Reverence for God

परमेश्वर के प्रति श्रद्धाभाव 

10 नवम्बर 2026

पंचानबे शोध-प्रस्ताव (थीसिस) क्या थे? 

What Were the Ninety-Five Theses?

31 अक्तूबर 1517 को, जब मार्टिन लूथर लगभग पैंतीस वर्ष के थे, तब वे विटेनबर्ग की कैसल चर्च पहुँचे और कलीसिया के द्वार पर अपनी पंचानबे थीसिस चिपका दिए। आरम्भ में इन थीसिस का उद्देश्य सार्वजनिक वाद-विवाद के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करना था। इन्हें लातिनी भाषा में लिखा गया था—जो विद्वानों की भाषा थी, सामान्य लोगों की नहीं। उस समय लूथर को थोडा भी अनुमान नहीं था कि ये थीसिस शीघ्र ही समस्त यूरोप में गूँज उठेंगी और एक महान् आत्मिक क्रान्ति का कारण बनेंगी।

कैसल चर्च के द्वार—जो सम्भवतः उस समय सार्वजनिक सूचना-पट्ट का कार्य भी करता था—पर लगे इन दस्तावेज़ों को देखनेवालों में से अधिकाँश लोग लातिनी भाषा पढ़ने में सक्षम नहीं थे। परन्तु शीघ्र ही इन थीसिस का जर्मन भाषा में अनुवाद हुआ, और उसके बाद वे मानो जंगल की आग की तरह समस्त यूरोप में फैल गईं—वास्तव में, मानो यह स्वयं परमेश्वर का ही कार्य हो।

पंचानबे थीसिस क्या थीं? वे ऐसे कथन थे जो सीधे लूथर के समय की कलीसिया में व्याप्त विशिष्ट भ्रष्टाचारों को चुनौती देते थे। इनमें से अनेक क्षमापत्र, पापशोधन-स्थल (पर्गेटरी), तथा पोप के अधिकार से सम्बन्धित विषयों पर थे। इनमें पहली थीसिस विशेष रूप से चौंका देनेवाली थी:

“जब हमारे प्रभु और स्वामी यीशु ख्रीष्ट ने कहा, ‘मन फिराओ,’ तो उसका अभिप्राय यह था कि विश्वासियों का सम्पूर्ण जीवन मन फिराव का जीवन हो।”
(Dominus et magister noster Iesus Christus dicendo “Poenitentiam agite etc.” omnem vitam fidelium poenitentiam esse voluit.)

लूथर इस बात को समझ गए थे कि मन फिराओ (poenitentiam agite) के लिए प्रयुक्त वल्गेट के अनुवाद को आसानी से प्रायश्चित के कार्य करो के अर्थ में समझा जा सकता था। साथ ही, उसने उस धर्मसिद्धान्त को भी समझ लिया था जिसे बाद में जॉन कैल्विन ने अत्यन्त स्पष्टता से प्रतिपादित किया। मन फिराव कोई क्षणिक कार्य नहीं है; यह सम्पूर्ण जीवन की दिशा बदल देनेवाला परिवर्तन है—पवित्र आत्मा के अनुग्रहकारी कार्य के द्वारा पाप से फिर जाना। इसलिए यह कोई एक बार में पूरा हो जानेवाला कार्य नहीं हो सकता; यह तो ऐसा जीवन है जो महिमा की अवस्था तक बना रहता है।

लूथर ने एक ऐसा पूर्ण और साहसिक जीवन व्यतीत किया जिसका उचित वर्णन केवल एक विस्तृत जीवन-चरित्र ही कर सकता है। वे असाधारण व्यक्ति थे, जिन्हें परमेश्वर ने अपार ऊर्जा प्रदान की थी। उनकी वाणी सीधी-सादी और स्पष्ट थी, और प्रायः उसमें आम बोलचाल की भाषा का प्रयोग होता था। वे ईश्वरविज्ञान के शिक्षक, सुसमाचार के प्रचारक और धर्मसुधारवाद के काल की कुछ अत्यन्त महत्त्वपूर्ण पुस्तकों के लेखक थे। उनके आरम्भिक प्रकाशनों में ऑन द बेबिलोनियन कैप्टिविटी ऑफ द चर्च विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिसमें उन्होंने कलीसिया की विफलताओं को उजागर किया। वहीं ऑन द फ्रीडम ऑफ अ क्रिश्चियन में उन्होंने समझाया कि यीशु ख्रीष्ट में विश्वासी परमेश्वर से प्रेम करने और अपने पड़ोसी की सेवा करने—दोनों के लिए स्वतंत्र किए जाते हैं। इस प्रकार उन्होंने एक अत्यन्त सुन्दर ढंग से रचित वाक्य लिखा, जो सुसमाचार-केन्द्रित जीवन के विरोधाभास को व्यक्त करता है:  “एक मसीही मनुष्य सबसे अधिक स्वतंत्र स्वामी है और किसी के अधीन नहीं; एक मसीही मनुष्य सबसे अधिक कर्तव्यनिष्ठ सेवक है और प्रत्येक व्यक्ति के अधीन है।”

अपने प्रचार, लेखन और विशेष रूप से ख्रीष्ट में विश्वास के द्वारा अनुग्रह से मिलनेवाले उद्धार की स्पष्ट व्याख्या पर अपने प्रभाव के माध्यम से, परमेश्वर ने लूथर का उपयोग मसीही कलीसिया में गहरे परिवर्तन लाने के लिए किया। इंग्लैण्ड और स्कॉटलैण्ड के प्रमुख धर्मसुधारक उनके लेखन से गहरे प्रभावित हुए। उनकी अनेक पुस्तकें व्यापारी नाविकों के द्वारा गुप्त रूप से उन देशों में पहुँचाई जाती थीं। विशेष रूप से स्कॉटलैण्ड में, सेंट एण्ड्रूज़ के शहीद पैट्रिक हैमिल्टन और जॉर्ज विशार्ट—जिनके अंगरक्षक जॉन नॉक्स थे—लूथर की शिक्षाओं से प्रभावित थे। इसी प्रकार इंग्लैण्ड में विलियम टिन्डेल ने न केवल बाइबिल के अपने अंग्रेज़ी अनुवाद के द्वारा, वरन् ऐसे सम्पूर्ण साहित्यिक संग्रह के द्वारा भी एक विरासत छोड़ी, जिसमें जर्मन धर्मसुधारक के कार्य की प्रतिध्वनि सुनाई देती थी। 

परन्तु लूथर वास्तव में क्या सिखाता था? उनकी प्रमुख शिक्षाओं का सार धर्मसुधारवाद के उन प्रसिद्ध पाँच सोला सिद्धान्तों में उचित रूप से प्रस्तुत किया गया है: — (1) Sola Scriptura (केवल पवित्रशास्त्र): हम परमेश्वर को केवल पवित्रशास्त्र के द्वारा जानते हैं, न कि कलीसिया की परम्पराओं के द्वारा। (2) Sola Gratia (केवल अनुग्रह): हमें पापों की क्षमा केवल परमेश्वर के अनुग्रह से प्राप्त होती है, न कि अपने किसी पुण्य या योग्यता के कारण। (3) Sola Fide (केवल विश्वास): हम केवल विश्वास के द्वारा धर्मी ठहराए जाते हैं, विश्वास के साथ किसी अन्य कार्य या योग्यता को जोड़कर नहीं। (4) Solus Christus (केवल ख्रीष्ट): परमेश्वर की समस्त आत्मिक आशीषें हमें केवल ख्रीष्ट में प्राप्त होती हैं। (5) Soli Deo Gloria (केवल परमेश्वर की महिमा): सम्पूर्ण जीवन का अन्तिम उद्देश्य केवल परमेश्वर की महिमा है।

ये सिद्धान्त कोई नई शिक्षाएँ नहीं थे; उन्होंने केवल उन सत्यों पर पुनः बल दिया जिन्हें लूथर ने पवित्रशास्त्र में पाया था। परन्तु उनके ऐतिहासिक सन्दर्भ में सबसे महत्त्वपूर्ण बात केवल यह नहीं थी कि उन्होंने किन बातों पर बल दिया, वरन् यह भी थी कि उन्होंने किन बातों को निर्णायक स्थान नहीं दिया। न तो लूथर ने और न ही अन्य प्रमुख धर्मसुधारकों ने कलीसिया का तिरस्कार किया। परन्तु वे कलीसिया को अनुग्रह के द्वारा मिलनेवाले उद्धार का स्रोत नहीं, अपितु उसका साक्षी और उसका प्रभावशाली प्रमाण मानते थे। दूसरे शब्दों में, कलीसिया का कार्य उद्धार प्रदान करना नहीं, परन्तु उस उद्धार की घोषणा करना था। एक अर्थ में, कलीसिया केवल सुसमाचार को सही रीति से सिखाने में ही असफल नहीं हुई थी, पर उसने उद्धार के कार्य में पवित्र आत्मा के स्थान का भी अतिक्रमण कर लिया था। जब उद्धार को विश्वासियों के जीवन में लागू करने के सम्बन्ध में पवित्र आत्मा की सेवकाई को पुनः उसके उचित स्थान पर स्थापित किया गया, तब लोगों ने परमेश्वर के अनुग्रह की निकटता, पापों की क्षमा की निश्चितता और ख्रीष्ट में नए जीवन के आनन्द का नया अनुभव किया। इसलिए हमें अनुग्रह और उद्धार के लिए कलीसिया की मध्यस्थता की ओर नहीं, परन्तु केवल ख्रीष्ट की ओर देखना चाहिए।

यहाँ हमने अन्य महान् धर्मसुधारकों—हुल्द्रिख ज़्विंगली, हाइनरिख बुलिंगर, जॉन कैल्विन, जॉन नॉक्स और अनेक अन्य लोगों—की चर्चा नहीं की है। फिर भी, लूथर और उसके प्रभाव पर यह संक्षिप्त दृष्टि भी स्पष्ट कर देती है कि सोलहवीं शताब्दी मसीही कलीसिया के इतिहास का एक महान् और निर्णायक काल था। यह युग अपनी कमियों और असफलताओं से रहित नहीं था, परन्तु उस समय के मसीही इस  महान् खोज की सामर्थ्य और उत्साह से उमड़ रहे थे—कि उनके पापों का बोझ प्रभु यीशु ख्रीष्ट उठा चुका है, और अब वे वास्तव में स्वतन्त्र हो सकते हैं। जॉन नॉक्स के शब्दों में, वे ऐसे दिन थे जब “परमेश्वर ने साधारण लोगों पर अपने पवित्र आत्मा को बड़ी बहुतायत से उण्डेला।”

आज भी हमें इसी की आवश्यकता है।

 यह लेख मूलतः लिग्निएर मिनिस्ट्रीज़ ब्लॉग में प्रकाशित किया गया।

सिंक्लेयर फर्गसन

सिंक्लेयर फर्गसन

डॉ. सिनक्लेयर बी. फर्ग्यूसन लिगोनीयर मिनिस्ट्रीज के टीचिंग फेलो, लिगोनीयर मिनिस्ट्रीज के उपाध्यक्ष और रिफॉर्म्ड थियोलॉजिकल सेमिनरी में सिस्टेमैटिक थियोलॉजी के चांसलर प्रोफेसर हैं। वह कई लिगोनीयर शिक्षण श्रृंखलाओं के लिए प्रमुख शिक्षक हैं, जिनमें यूनियन विद क्राइस्ट शामिल है। उन्होंने कई किताबें लिखी हैं, जिनमें "द होल क्राइस्ट," "मैच्योरिटी," और "डिवोटेड टू गॉड्स चर्च" शामिल हैं। डॉ. फर्ग्यूसन पॉडकास्ट "थिंग्स अन्सीन" के होस्ट भी हैं।