Finding Hope Amid Severe Illness
गम्भीर बिमारी के मध्य आशा प्राप्त करना
19 मार्च 2026
How to Deal with Burnout in Ministry?
सेवकाई में थकावट से कैसे निपटें
26 मार्च 2026
Finding Hope Amid Severe Illness
गम्भीर बिमारी के मध्य आशा प्राप्त करना
19 मार्च 2026
How to Deal with Burnout in Ministry?
सेवकाई में थकावट से कैसे निपटें
26 मार्च 2026

मैं निराशा सा सामना कैसे कर सकता हूँ?

How Can I Deal with Despair?

यदि आशा जीवन की चाह है, तो निराशा अन्त होने की चाह है। जैसे झाऊ के पेड़ के नीचे बैठा हुआ एलिय्याह (1 राजा 19:1-10), अपने जन्म दिन को धिक्कारता हुआ अय्यूब  (अय्यूब 3), या पौलुस, क्लेश से इतना दबा हुआ था कि वह अपने जीवन में निराश हो गया था (2 कुरिन्थियों 1:8), विश्वासी भी, जो जीवित आशा के लिए जन्म लिए हैं, दुख के समय में ऐसा आभास कर सकते हैं कि वे फँसे हुए हैं।

भजनकार ने पुकारा,

तेरी सारी तरंगों और लहरों ने
मुझे ढाँप लिया है। (भजन. 42:7)

अय्यूब ने विलाप किया, “मेरा प्राण निकलने पर है, मेरे दिन पूरे हो गये हैं” (अय्यूब 17:1)। ये केवल कविता की भावनाएँ नहीं है—ये ऐसी वास्तविकता को दिखाती है जहाँ पीड़ा हमारे सहने से बाहर हो सकती है।

निराशा केवल उन्हीं को नहीं आती है जिनसे हम ऐसी अपेक्षा करते हैं: उदास लोग, असन्तुष्ट लोग, या नासमझ लोग। नहीं, यहाँ तक कि चार्ल्स स्पर्जन, मार्टिन लॉयड जोन्स, और जॉन बन्यन जैसे उत्साहपूर्ण सन्तों ने भी समय-समय पर गहरी व्यथा और पीड़ा का अनुभव किया। यह स्वभाव और आत्मिक परिपक्वता के आधार पर भेदभाव नहीं करता है।

निराशा में पड़ा हुआ व्यक्ति एक ही बात को चाहता है: उससे छुटकारा। संघर्ष का मूल स्वरूप ही हार और अर्थहीनता का एक शक्तिशाली आभास है, जिसका कोई समाधान नहीं और जिससे कोई मुक्ति नहीं है। भजनकार ने इसका वर्णन इस प्रकार किया है:

मैं गहरे जल में आ फँसा हूँ,
और जल -धारा मुझे डुबाए जा रही है।

आँधी के मध्य समुद्र में चलने के जैसे, ऐसा आभास हो सकता है कि हम सब की आँखों के सामने डूब रहे हैं, और बचाए जाने की पहुँच से थोड़े बाहर हैं।

भले ही यह धीरे से नीचे जाना हो या मन और आत्मा का अचानक चरम सीमा तक पहुँच जाना, निराशा विश्वासी की आशा की वास्तविकता को विकृत कर देती है और शरीर, मन और प्राण की क्षमता को घटा देती है। इसलिए, पुनर्स्थापना में हमारे दृष्टिकोण और हमारी क्षमता का पुनर्स्थापन जुड़ा हुआ है जब हम अपनी निर्बलता में ख्रीष्ट पर भरोसा करते हैं और आज्ञाकारिता, धैर्य और आशा के “छोटे” कदमों के माध्यम से विश्वास का अभ्यास करते हैं, जो निराशा की गति को तोड़ते हैं।

चिन्तन को बाधित करना

बन्यन की पुस्तक द पिलग्रिम्स प्रोग्रेस में, जब क्रिश्चियन ‘निराशा दानव’ के किला में फँसा हुआ था, तो अन्धेरा कोई भ्रम नहीं था; यह एक स्पष्ट, दम घोंटने वाली वास्तविकता थी। इसी प्रकार से, हम भी बहुत ही निराशाजनक परिस्थितियों में हो सकते हैं, परन्तु निराशा हमें बार-बार उन्हीं परिस्थितियों में उलझाए रखती है और ख्रीष्ट में हमारी आशा को धूमिल कर देती है। क्रिश्चियन को छुटकारा इसलिए नहीं मिला कि अन्धेरा समाप्त हो गया, वरन् इसलिए क्योंकि उसे अपनी जेब में रखी प्रतिज्ञा की कुँजी का उपयोग करना स्मरण था।

परमेश्वर के वचन को नियमित रूप से हमारे विचारों को बाधित करना और नया रूप देना चाहिए। जब त्याग का भय सताए, तो स्मरण रखें कि उसने आपको कभी न छोड़ने और न त्यागने की प्रतिज्ञा की है। जब गहराई परमेश्वर की पहुँच से परे लगे, तो स्मरण रखें कि वह स्वयं अधोलोक में गया था। जब आपको समझ न आए कि क्या प्रार्थना करें, तो यह जान लें कि आत्मा आपकी ओर से कराहता है।

शरीर की देखभाल करना

जब एलिय्याह को लगा कि वह और नहीं सह सकता है, तब परमेश्वर ने उसे भोजन, विश्राम और अपनी उपस्थिति प्रदान की। हम सीमित क्षमताओं के साथ रचे गए हैं, जिनके क्षीण होने पर पुनर्स्थापन की आवश्यकता होती है। इसलिए, नम्रता यह माँग करती है कि हम प्रतिदिन व्यायाम करें, पर्याप्त नीन्द लें, अपने शरीर को पोषण दें, धूप में समय बिताएँ, चिकित्सकीय सहायता लें, और केवल उत्तरदायित्वों को ही ध्यान न देते हुए स्वयं को विश्राम भी करने दें। जबकि अपनी शारीरिक आवश्यकताओं की देखभाल करना तुच्छ या व्यर्थ प्रतीत हो सकता है, वास्तव में यह आज्ञाकारिता का एक सामर्थी कार्य है जो अपने सृजे जाने की सीमाओं का आदर करता और परमेश्वर के प्रावधान पर भरोसा रखता है।

बाहर की ओर मुड़ना

जीवित रहने की प्रवृत्ति के जैसे, निराशा पीड़ित व्यक्ति के हर भाग को खा जाती है, और यह स्वयं पर ध्यान देने और अकेलेपन की माँग करती है। विकृत आत्मनिरीक्षण के शक्तिशाली प्रभाव को दूसरों के साथ समय, चिन्ता, और उपस्थिति देने और लेने के द्वारा घटाया जा सकता है। दूसरों को अपने जीवन में आने देना अच्छा है, न केवल प्रेम पाने के लिए परन्तु बातचीत और ध्यान के द्वारा प्रेम देने के लिए भी। देखभाल करने के छोटे -छोटे कार्य दूसरों को प्राथमिकता देते हैं और आत्म-केन्द्रित होने के आकर्षण के विरुद्ध प्रभावी उपाय बनते हैं। अपने आस-पास के लोगों के लिए प्रार्थना करें, प्रोत्साहन का सन्देश भेजें, उनके विषय में बातचीत करें—ये सब ऐसे स्वतन्त्र करने वाले उपाय हैं जो हमारी दृष्टि को परमेश्वर और पड़ोसी की ओर देखने के लिए पुनर्स्थापित करते हैं।

नित्य-कर्म की सान्त्वना

जब निराशा हमें जीवन की मूल बातों तक सीमित कर देती है, तो आइये हम उन्हीं मूल बातों को अपनी सान्त्वना का भाग मानकर अपनाएँ। नित्य-कर्म, भले ही वे कितनी ही छोटी क्यों न हो, जीवन में क्रम लाती है। साधारण कार्य जैसे प्रतिदिन सुबह उठना, कपड़े धोना, या बगीचे की घास काटना जीवन को सामान्य और उद्देश्य बनाने में सहयोग करते हैं। यहाँ तक कि यदि प्रयास स्वचलित लगें, फिर भी अगले कार्य को अपनाना आशा का एक कार्य है। छोटी बातों में विश्वासयोग्यता (लूका 16:10) हमारी सामर्थ्य को पुनर्निर्मित करती है और अर्थ व उद्देश्य की पुष्टि करती है, और इसके द्वारा साधारण बातें शान्त्वना लाती हैं।

सृष्टि से सान्त्वना

सृष्टि से सान्त्वना

जब भय चारों ओर बड़ा लगे, तब परमेश्वर की महिमा और सम्प्रभुता के प्रकाश में अपने छोटेपन को स्मरण करना शान्ति देता है। वह समस्त सृष्टि को—हमारे साथ—थामे हुए है। अय्यूब की निराशा आराधना में बदल गई जब परमेश्वर ने आकाश में मृगशिरा नक्षत्र से लेकर समुद्र के द्वारों तक सब कुछ सम्भालने में अपने चरित्र और सम्प्रभुता को प्रकट किया। प्रकृति में टहलना, तारों के नीचे लेटना, फूलों को उगाना, पशुओं की देखभाल करना—सृष्टि की सुन्दरता हमें सान्त्वना देती है और हमारे दृष्टिकोण को फिर से व्यवस्थित करती है, जैसे परमेश्वर प्राकृतिक संसार के माध्यम से हमारी सेवा करता है।

धैर्य के साथ लगे रहें

जब अन्धकार बना रहे और छुटकारा न मिले, तो स्मरण रखें कि दुःख से आशा की ओर बढ़ने में धैर्य की आवश्यकता पड़ती है। इसका अर्थ है समय और भरोसा। तनाव में जीना सरल नहीं है, परन्तु दुर्बलता और आवश्यकता ही ख्रीष्ट पर पूर्ण निर्भरता सीखने के लिए अनिवार्य हैं। उसने हमें केवल अपनी विजय और पुनरुत्थान की सामर्थ्य में सहभागी होने के लिए ही नहीं बुलाया, परन्तु अपने दुःखों की सहभागिता में भी (फिलिप्पियों 3:10)। विश्वास के उन डगमगाते कदमों में लगे रहें—यही वह भला कार्य है जिसे उसने इस समय आपके लिए करने के लिए तैयार किया है।

छायाओं से भयभीत न हों। यद्यपि वे अन्तहीन लग सकती हैं, वास्तविकता यह है कि “थोड़ी देर के बाद सारे अनुग्रह का परमेश्वर, जिसने तुम्हें मसीह में अपनी अनन्त महिमा के लिए बुलाया है, वह स्वयं ही तुम्हें सिद्ध, दृढ़, बलवन्त और स्थिर करेगा” (1 पतरस 5:10)। छायाएँ अभी भी गहरी हो सकती हैं, पर वे उन लोगों पर अधिकार नहीं कर सकती हैं जिन्हें अन्धकार के साम्राज्य से छुड़ाकर पुत्र के राज्य में स्थानान्तरित किया गया है (कुलुस्सियों 1:13)।

 यह लेख मूलतः लिग्निएर मिनिस्ट्रीज़ ब्लॉग में प्रकाशित किया गया।

कारा डेडर्ट
कारा डेडर्ट
कैरा डीडर्ट अपने पति डैरल और पाँच बच्चों सहित, ग्रैण्ड रैपिड्स, मिशिगन में रहती हैं, जहाँ वे एक निजि पारिवारिक संस्थान में सेवा करती हैं। वह नियमित रीति से Think Twice: Everyday Life with Gospel Perspective में लिखती हैं।