
शिमशोन कौन था?
5 मार्च 2026
पापों की क्षमा का आश्वासन क्या है?
10 मार्च 2026इब्रानियों के विषय में 3 बातें जो आपको जाननी चाहिए
इब्रानियों की आवश्यक बातों को समझने का एक प्रकार यह है कि धर्मसिद्धान्त के तीन विशेष बिन्दुओं में इसके अति आवश्यक योगदान को देखा जाए।
1. इब्रानियों वाचाई ईश्वरविज्ञान को समझने के लिए महत्वपूर्ण है।
मैं यह कहने का साहस करता हूँ कि बाइबल की वाचाई ईश्वरविज्ञान को समझने के लिए इब्रानियों नया नियम का सबसे महत्वपूर्ण पत्र है। बाइबल की वाचाओं के विषय में किसी की भी समझ, भले वह समझ कुछ भी हो, इब्रानियों की पुस्तक के अर्थानुवाद से गहराई से प्रभावित होगी। यह पुरानी वाचा के उद्देश्य और नयी वाचा से उसके सम्बन्ध को दिखाती है। यह पुराने नियम को पढ़ने के लिए अर्थानुवाद का एक दृष्टिकोण है ।
पाठक त्रुटिपूर्ण रीति से यह निष्कर्ष निकाल सकते हैं कि इब्रानियों पुरानी वाचा की उपेक्षा करती है। परन्तु ऐसा कदापि नही है। नई वाचा की महिमा तब सबसे अधिक चमकती है जब पुरानी वाचा को उसकी पूर्ण महिमा में देखा जाता है, भले ही वह अपने थोड़े समय के लिए थी। यह विरोधाभास बहुत बार “यदि/तब” वाले कथनों में देखा जाता है (देखें इब्रानियों 2:1–4; 9:13–14; 12:25)। इब्रानियों की पुस्तक दिखाती है कि नई वाचा पुरानी को नाश नहीं करती है—यह उसे पूर्ण करती है। यह आकार देती है कि हम सम्पूर्ण बाइबल को कैसे पढ़ें। इब्रानियों हमें दिखाती है कि पवित्रशास्त्र ही पवित्रशास्त्र का अर्थानुवाद करता है। इसलिए हमें पुरानी और नई वाचा को एक-दूसरे के विरोध में नहीं रखना चाहिए, वरन् उन्हें उनके सही सम्बन्ध में देखना चाहिए—छाया और तत्व, प्रतिज्ञा और उसकी पूर्तिकरण।
लेखक नई वाचा के समयकाल में महिमामय सौभाग्य और गम्भीरता से जीने के लिए उत्साही है (देखें इब्रानियों 1:2–3)। क्योंकि हम एक ऐसी वाचा के प्रबन्ध के अधीन हैं जो अधिक उत्कृष्ट है (इब्रानियों 8:6)—वास्तव में, यह निर्दोष है (इब्रानियों 8:7–8)—इसलिए दाँव अधिक ऊँचे हैं। चेतावनियाँ अधिक कठोर, प्रतिज्ञाएँ अधिक मधुर हैं, अपेक्षाएँ, उच्चतम हैं। यह कोई अस्थायी वाचा नहीं है—यह अनन्तकाल के लिए है (इब्रानियों 13:20)। इब्रानियों 2 कुरिन्थियों 1:20 में प्रेरित पौलुस के दावे को बहुत विवरण में दिखाती है: “क्योंकि परमेश्वर की सभी प्रतिज्ञाएँ उसमें अपनी हाँ प्राप्त करती हैं।” अनुग्रह की एक ही वाचा, अपने विभिन्न प्रबन्धों के साथ, ख्रीष्ट के आने के साथ पूर्ण रूप से प्रकट हुआ है। और यह, इब्रानियों के लिए, सब कुछ बदल देता है। जब आप इब्रानियों को पढ़ते हैं, तो नई वाचा की महिमा को ध्यान दें।
2. इब्रानियों ख्रीष्ट-विज्ञान को समझने के लिए आवश्यक है।
नयी वाचा अपने मध्यस्थ के कारण अति महिमामय है। यदि विश्वास ही परमेश्वर की अनुग्रहमयी वाचा के लाभों का आनन्द लेने का साधन है (जैसा कि सदैव से रहा है), तो उस विश्वास का विषय हमारे विश्वास का भार उठाने के योग्य (और इच्छुक) होना चाहिए। इब्रानियों स्पष्टता से ख्रीष्ट की सर्वोच्चता को पुरानी वाचा की छाया के प्रत्येक सार में स्थापित करती है, हमारे विश्वास और हमारी आराधना की सर्वोच्च विषय के समान।
इब्रानियों में सीमित किया हुआ यीशु के लिए कोई स्थान नहीं छोड़ती है। वह परमेश्वर की महिमा का प्रतिरूप है, उसके स्वभाव की यथार्थ छाप है (इब्रानियों 1:3), वह अपने सामर्थ्य के वचन से संसार को सम्भालता है। वह अनन्तकाल का पुत्र है, स्वर्गदूतों से श्रेष्ठ , मूसा से महान, और अन्तिम और महान् महायाजक है जिसने अपने को एक बार सदा के लिए बलिदान होने के लिए दे दिया। वह सभी विषयों के सम्बन्ध में सर्वोच्च है, स्वर्गदूतों से उन महिमामय पदों तक जिन्हें प्रभु ने स्वयं पुरानी वाचा में स्थापित था— नबियों, याजकों, और राजाओ।
प्रभु यीशु ख्रीष्ट नयी वाचा के तत्व हैं, जो, जैसा कि हमने देखा है, पुरानी वचा से सर्वोच्च है (इब्रानियों 7:22)। इब्रानियों इस बात पर बल देता है कि ख्रीष्टीय जीवन एक धुँधना आत्मिकता नहीं है; यह इस महिमामय ख्रीष्ट के प्रति एक ठोस, वाचाई निष्ठा है जो उसके साथ एक रहस्यमयी मिलन से निकलती है। इसलिए, वह हमारे प्रेम का विषय, हमारी आशा का लंगर और हमारे विश्वास का केन्द्र होना चाहिए। जब आप इब्रानियों पढ़ते हैं, तो यीशु ख्रीष्ट की महिमा को देखें।
3. इब्रानियों कलीसिया-विज्ञान को समझने के लिए महत्वपूर्ण है।
यह कलीसिया से जुड़ी समझ, जो आज के पढ़ने वालों के लिए सम्भवतः इब्रानियों के ख्रीष्टविज्ञानीय और वाचाई बल से कम स्पष्ट है, फिर भी कम अवश्यक नहीं है। इब्रानियों के लेखक न केवल एक सरल ऐतिहासिक सन्दर्भ के लिए जंगल में भटकने वाली पीढ़ी को नहीं देखा; उन्होंने उस जंगल के ढाँचें में कलीसिया की अस्तित्व और पहचान को स्थापित किया। यह पहचान चित्रात्मक नहीं है; यह प्रारूपवादी (typological) है—अर्थात्, आज की कलीसिया केवल जंगल में भटकरने वाले इस्राएल जैसा नहीं है; वास्तव में, कलीसिया उन्हीं तीर्थयात्रियों का नई वाचा का हिस्सा है।
तीर्थयात्रा की भाषा इब्रानियों में भरी हुई है: “क्योंकि हमारा कोई स्थायी नगर नहीं है, परन्तु हम उस नगर की खोज में हैं जो आने वाला है” (इब्रानियों 13:14)। लेखक अपने पाठकों से—जो पुरानी वाचा की प्रणाली के विश्राम और विश्वास की ओर लौटने के लिए प्रलोभित हैं—अपनी सच्ची मातृभूमि के मार्ग पर प्रवासियों के समान लगे रहने का आग्रह करता है। कलीसिया का यह चित्र अध्याय 3 और 4 से अधिक स्पष्ट कहीं और नहीं दिखता है। कलीसिया को चेतावनी दी गई है कि वह विद्रोह के जैसे अपना हृदय कठोर न करे (इब्रानियों 3:7–8)। वह पीढ़ी अविश्वास के कारण जंगल में मर गई। इब्रानियों में कड़ी चेतावनियों के साथ-साथ दृढ़ उत्साहवर्धन भी है। परमेश्वर के विश्राम में जाने की प्रतिज्ञा बनी हुई है (इब्रानियों 4:1), और वह विश्राम ख्रीष्ट में मिलता है, जो हमारा वह महायाजक जो हमारी निर्बलता में हमसे सहानुभूति रखता है (इब्रानियों 4:15)। अतः कलीसिया वह वाचा का समुदाय है जो दृढ़ता, आराधना और भविष्य की आशा से परिपूर्ण है। यह जंगल में ख्रीष्ट के चारों ओर एकत्रित है, उसके वचन से पोषित होती है, और स्वर्गीय यरूशलेम की ओर अग्रसर है।
परन्तु हमें अभी भी गहराई में जाना होगा। इब्रानियों की पुस्तक हमें पवित्रशास्त्र में स्वर्गीय आराधना का सबसे भव्य चित्रण देती है, और यह भी, हमारे कलीसिया-विज्ञान को प्रभावित करता है। अध्याय 12 में, लेखक सीनै पर्वत और सिय्योन पर्वत के बीच के अन्तर को चरमसीमा पर ले जाता है। वह कहता है कि हम सीनै के भय में नहीं, वरन् सिय्योन में आए हैं, “जीवित परमेश्वर के नगर, स्वर्गीय यरूशलेम।” और वहाँ हमारे साथ कौन है? “अनगिनत स्वर्गदूत उत्सव में एकत्रित हैं,” “पहिलौठे की सभा,” “परमेश्वर, सबका न्याय करने वाला,” और “यीशु, नई वाचा का मध्यस्थ” (इब्रानियों 12:22-24)। यह केवल भविष्य का दर्शन नहीं है। यह वर्तमान की वास्तविकता है। कलीसिया—हर बार जब वह आराधना के लिए एकत्रित होती है—इस स्वर्गीय सभा में पाई जाती है। संघर्षरत कलीसिया विजयी कलीसिया के साथ मिलकर अनन्त वाचा के लहू पर आधारित वाचा का पूर्वाभ्यास करती है (इब्रानियों 13:20)। जब आप इब्रानियों की पुस्तक पढ़ें, तो कलीसिया की महिमा पर ध्यान दें।
इब्रानियों की पुस्तक को इन तीन विषयों को ध्यान में रखते हुए पढ़ने से न केवल आपको इस पुस्तक का सन्देश समझने में सहायता मिलेगी, वरन् अन्य पैंसठ पुस्तकों का सन्देश भी समझ में आएगा।
यह लेख मूलतः लिग्निएर मिनिस्ट्रीज़ ब्लॉग में प्रकाशित किया गया।

