भूलने योग्य बनो - लिग्निएर मिनिस्ट्रीज़ %
पवित्र आत्मा में धार्मिकता, मेल और आनन्द
23 नवम्बर 2023
आज्ञापालन के लिए भरोसा
30 नवम्बर 2023
पवित्र आत्मा में धार्मिकता, मेल और आनन्द
23 नवम्बर 2023
आज्ञापालन के लिए भरोसा
30 नवम्बर 2023

भूलने योग्य बनो

इस बात की अधिक सम्भावना है कि आप तुखिकुस को नहीं जानते हैं। यदि आपने नया नियम पढ़ा है तो आपने उसके नाम को देखा है। परन्तु सम्भवतः आपने इसे पढ़ा होगा और बिना दूसरी बार विचार किए आगे बढ़ गए होंगे।

कौन था तुखिकुस? उसका उल्लेख नये नियम में पाँच बार किया गया है (प्रेरितो के काम 20:4; इफिसियों 6:21; कुलुस्सियों 4:7; 2 तीमुथियुस 4:12; तीतुस 3:12)। तुखिकुस इफिसुस में पौलुस की सेवकाई के अन्त में आया और सम्भवतः इफिसुस में पौलुस की सेवा से उसका हृदय परिवर्तन हुआ था। यदि वह वहाँ था तो सम्भवतः उसने उस दंगे को देखा होगा जिसको सुनार देमेत्रियुस ने इस कारण से आरम्भ किया था क्योंकि पौलुस का सुसमाचार-प्रचार कार्य उसके मूर्ति बनाने के व्यपार को नकारात्मक रीति से प्रभावित कर रहा था (प्रेरितो के काम 19)।

सम्भवतः तुखिकुस ने पौलुस की कई पत्रियों को उनके प्राप्तकर्ताओं तक पहुँचाया था। उसने इफिसियों की पत्री और कुलुस्सियों की पत्री को पहुँचाया था। जब वे कुलुस्से को गए, तो वह उनेसिमुस, जो अपने स्वामी के पास से भागा हुआ दास था और अब जिसका हृदय परिवर्तन हो चुका था, के साथ गया और सम्भवतः फिलेमोन को पौलुस की पत्री दी। यदि यह बात है, तो पौलुस ने “अपने बच्चे” उनेसिमुस को तुखिकुस को सौंप दिया जब उसने उसको फिलेमोन के पास पुनः भेजा। उस संभावित कठिन परिस्थिति को संभालने के लिए पौलुस को तुखिकुस पर बहुत अधिक भरोसा रहा होगा।

यह सम्भव है कि तुखिकुस इफिसियों और कुलुस्सियों को लिखे पत्रों के लिए पौलुस का लिखने वाला था। पौलुस ने इन पत्रियों को उससे लिखवाया होगा। सम्भवतः उन्होनें इसके कुछ भागों के विषय में और त्रिएकता के सिद्धान्त के लागूकरण पर बातचीत किया होगा। तब तुखिकुस, क्योंकि उसने पत्र को पहुँचाया था, सम्भवतः इफिसियों की पुस्तक से प्रचार करने वाला पहला व्यक्ती था।

तुखिकुस स्पष्ट रूप से एक विश्वसयोग्य विश्वासी था जिसने अपने आपको नए नियम के इतिहास के केन्द्र में पाया। वह पौलुस की सेवकाई के दूसरे भाग के लगभग प्रत्येक महत्वपूर्ण घटनाओ के पृष्टभूमि में था। और सम्भवतः आपने उसके विषय में कभी नहीं सोचा होगा। इस संसार की सबसे महत्वपूर्ण संस्था के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण लोगों में से एक, और वह लगभग पूर्णतः अज्ञात है। नए नियम के विद्वान ई.के. सिम्पसन ने लिखा, “यह बात कि हम तुखिकुस के विषय में अधिक नहीं जानते इस बात को प्रकट करता है कि वह अपने से अधिक सुसमाचार की वृद्धि को चाहता था।”

हम एक ऐसी संस्कृति में रहते है जहाँ उन लोगों को अधिक महत्व दिया जाता है जो हमारा मनोरंजन करते हैं न कि उन लोगों को जो हमें पवित्रता के लिए बुलाते है। यहाँ तक कि कलीसिया में भी हम विश्वासयोग्य सेवकों से अधिक प्रसिद्ध लोगों को खोजते है। कुछ पास्टर सोचते कि वे इतने बड़े हैं कि वे अचूक हैं। उन्हें उपदेश-मंच में तब भी रखा जाता है या उपदेश-मंच में तब भी लौटा लिया जाता है जब उन्होंने अपने व्यवहार के द्वारा स्पष्ट रीति से स्वयं को सेवकाई के लिए अयोग्य ठहरा दिया हो। और इस कारण से कलीसिया को हानि पहुँचती है।

यह हमारे लिए हानिकारक बात है। ब्लॉग, सामाजिक संचार, पॉडकास्ट और सम्मेलन में छोटे स्तर पर लोगों को प्रसिद्ध बनाने में सहायता करने की क्षमता है। प्रसिद्धि मोहक हो सकती है। बहुत सूक्ष्म रुप मे, हम अपने स्वयं की वाणी पर मोहित हो सकते है और उसकी वाणी को भूल सकते हैं जिसकी घोषणा करने के लिए हम बुलाए गए हैं। परन्तु कलीसिया को ऐसे लोगों की आवश्यकता है जो पूर्ण रूप से भूलने योग्य हों, ऐसे लोग जो अपने से अधिक सुसमाचार की वृद्धि को चाहते हैं। कलीसिया को तुखिकुस जैसे और लोगों की आवश्यकता है। कलीसिया को विश्वासयोग्य मसीहियों की आवश्यकता है जो चाहते हैं कि लोग सुसमाचार को जानें भले ही कोई उनको न जाने। तुखिकुस के समान बनें। भुलने योग्य बनें।

यह लेख मूलतः लिग्निएर मिनिस्ट्रीज़ ब्लॉग में प्रकाशित किया गया।

डॉनी फ्रेड्रिक्सन
डॉनी फ्रेड्रिक्सन
रेव. डॉनी फ्रेड्रिक्सन साउथलेक, टेक्सस में लेकसाइड प्रेस्बिटेरियन चर्च के वरिष्ठ पास्टर हैं।